तस्वीर के पीछे खड़ा इंसान

कभी किसी पुरानी तस्वीर को देखते-देखते अचानक ऐसा लगा है कि आप तस्वीर नहीं देख रहे, बल्कि उस दिन को फिर से जी रहे हैं? सामने वही चेहरे होते हैं, वही जगह, वही लोग, वही मुस्कान। कुछ लोग आज भी साथ होते हैं, कुछ दूर चले जाते हैं, कुछ रिश्ते बदल जाते हैं और कुछ लोग सिर्फ़ तस्वीरों में रह जाते हैं। फिर भी एक तस्वीर उन्हें कुछ पल के लिए हमारे सामने वापस ले आती है। हम तस्वीर को देखते हैं, उससे जुड़ी बातें याद करते हैं और शायद मुस्कुराकर उसे फिर गैलरी में छोड़ देते हैं। लेकिन कभी यह सोचते हैं कि उस तस्वीर के पीछे कौन था? उस पल को हमारे लिए रोकने वाला कौन था? तस्वीरें शायद इसलिए इतनी खास होती हैं क्योंकि समय हमारे साथ बहुत ईमानदार नहीं होता। वह किसी के लिए नहीं रुकता। बचपन चला जाता है, स्कूल खत्म हो जाता है, कॉलेज की भीड़ पीछे छूट जाती है, दोस्त अलग-अलग शहरों में चले जाते हैं, घर बदल जाते हैं और कुछ लोग हमारी ज़िंदगी से ऐसे निकल जाते हैं कि उनके साथ बिताया हुआ समय बस याद बनकर रह जाता है। ऐसे में एक तस्वीर हमारे पास बची रहती है। वह हमें बताती है कि हाँ, कभी हम वहाँ थे। कभी ये लोग हमारे इतने पास थे। कभी वह दिन सच में हमारा था। तस्वीर उस समय को वापस तो नहीं ला सकती, लेकिन उसे भूलने भी नहीं देती। शायद इसीलिए हम तस्वीरों को इतना संभालकर रखते हैं। कोई पुराना फोटो अचानक सामने आ जाए तो हम उसे देखकर कुछ देर के लिए रुक जाते हैं। कभी हँसते हैं, कभी किसी को याद करते हैं, कभी सोचते हैं कि “यार, कितना कुछ बदल गया।” लेकिन उस तस्वीर को देखने के दौरान हमारी नज़र अक्सर सिर्फ़ उन लोगों पर होती है जो फ्रेम के अंदर हैं। जिस इंसान ने वह तस्वीर ली, वह फ्रेम के बाहर होता है। और शायद इसी वजह से वह हमारी याद में भी थोड़ा पीछे छूट जाता है।

आज विश्व फोटोग्राफी दिवस है। हर साल यह दिन तस्वीरों,  फोटोग्राफी और उन लोगों के लिए मनाया जाता है जो अपनी नज़र से दुनिया को देखने का एक अलग तरीका हमें देते हैं। लेकिन आज फोटोग्राफी  की बात करते हुए मुझे लगता है कि सिर्फ़ तस्वीरों की तारीफ़ करना काफी नहीं है। उन लोगों की बात भी होनी चाहिए जो इन तस्वीरों के पीछे खड़े होते हैं। क्योंकि तस्वीर अपने आप खूबसूरत नहीं हो जाती। कोई होता है जो उस खूबसूरती को सबसे पहले देखता है।

हम अक्सर कहते हैं, “बहुत अच्छी फोटो है।” कभी कहते हैं, “क्या कमाल का shot है।” कभी किसी तस्वीर को देखकर बस इतना कहते हैं कि “यार, कितनी अच्छी आई है।” लेकिन शायद ही कभी हम पूछते हैं कि इसे लेने वाले ने उस पल में ऐसा क्या देखा था जो बाकी लोग नहीं देख पाए। एक “फ़ोटोग्राफ़र” और बाकी लोगों के बीच शायद यही छोटा-सा फर्क होता है। वह सिर्फ़ चीज़ों को देखता नहीं है, उन्हें थोड़ा अलग तरीके से देखता है। हम बारिश देखते हैं, उसे बारिश में कोई कहानी दिख सकती है। हम शाम देखते हैं, उसे उस शाम की आख़िरी रोशनी दिखाई दे सकती है। हम किसी बूढ़े चेहरे को देखते हैं, उसे उस चेहरे पर बीते हुए सालों की कहानी दिखाई दे सकती है। हम दोस्तों के साथ बैठे होते हैं और बस बातें कर रहे होते हैं, लेकिन वह शायद थोड़ी दूर खड़ा होकर उस हँसी को देख रहा होता है और सोच रहा होता है कि यह पल बाद में कितना याद आएगा। और फिर वह कैमरा उठाता है। एक क्लिक करता है। उस समय शायद किसी को नहीं पता होता कि उस क्लिक की असली कीमत क्या है। शायद  “फ़ोटोग्राफ़र”को भी नहीं। वह बस उस पल को पकड़ना चाहता है। लेकिन कई बार वही पल कुछ साल बाद किसी के लिए पूरी याद बन जाता है।

सोचिए, हमारे पास अपने बचपन की कितनी चीज़ें बची हैं? स्कूल की कितनी आवाज़ें याद हैं? कॉलेज का आख़िरी दिन ठीक-ठीक कैसा था, यहशायद याद न हो। किसी पुराने दोस्त के साथ हुई हर बातचीत याद नहीं होगी। लेकिन एक तस्वीर देखकर अचानक सब कुछ थोड़ा साफ़ होने लगता है। कौन कहाँ खड़ा था, कौन किस बात पर हँस रहा था, उस दिन मौसम कैसा था—सब कुछ जैसे फिर से सामने आ जाता है। यह तस्वीर की ताकत है। और इस ताकत के पीछे वह इंसान है जिसने कभी कैमरा उठाया था। मगर फ़ोटोग्राफ़र कहानी यहीं खत्म नहीं होती। उसकी एक और खूबसूरत बात है—वह अक्सर खुद तस्वीर में नहीं होता। दोस्तों की तस्वीर में सारे दोस्त होते हैं, कैमरा पकड़ने वाला दोस्त नहीं। परिवार की तस्वीर में सब लोग साथ होते हैं, लेकिन तस्वीर लेने वाला अक्सर बाहर खड़ा होता है। किसी शादी में दूल्हा-दुल्हन के सैकड़ों खूबसूरत पल कैमरे में कैद होते हैं, लेकिन उन पलों को बचाने वाला इंसान शायद उन तस्वीरों में कहीं नहीं मिलता। वह सबको फ्रेम में लाता है और खुद फ्रेम के बाहर रह जाता है। कभी-कभी लगता है कि फ़ोटोग्राफ़र दूसरों की यादों का हिस्सा बनने का काम करता है, लेकिन अपनी मौजूदगी की यादें बनाने से रह जाता है। शायद इसलिए फ़ोटोग्राफ़र को सिर्फ़ उसकी तस्वीर के लिए credit मिलना चाहिए, उसकी नज़र के लिए भी। क्योंकि कैमरा खरीदना आसान हो सकता है, लेकिन किसी साधारण पल में कुछ खास देख पाना उतना आसान नहीं है। हर किसी के पास कैमरा हो सकता है, लेकिन हर किसी के पास वह धैर्य नहीं होता कि वह सही पल का इंतज़ार करे। हर कोई तस्वीर खींच सकता है, लेकिन हर कोई यह नहीं समझ सकता कि किस पल को बचाकर रखना चाहिए। एक अच्छी तस्वीर के पीछे कई बार बहुत कुछ छिपा होता है। सही रोशनी का इंतज़ार, सही जगह ढूँढ़ना, सही angle, सही moment और कभी-कभी बहुत सारी खराब तस्वीरों के बाद मिलने वाला वह एक frame। तस्वीर देखने वाले को सिर्फ़ आख़िरी तस्वीर दिखाई देती है। उसे यह नहीं दिखता कि वहाँ तक पहुँचने में कितना समय गया होगा। लेकिन फिर भी फ़ोटोग्राफ़र अक्सर इसके बदले बहुत कम माँगता है। शायद बस इतना कि उसकी तस्वीर को उसका नाम मिले, उसके काम को उसका credit मिले और उसकी मेहनत को यह मान लिया जाए कि हाँ, इस खूबसूरत याद के पीछे कोई था। आज के समय में यह बात और भी ज़रूरी लगती है। हमारे पास हर समय कैमरा है। हम किसी भी पल को तुरंत रिकॉर्ड कर सकते हैं। लेकिन शायद इसी वजह से हम तस्वीरों की असली कीमत कभी-कभी भूलने लगे हैं। हर चीज़ की तस्वीर ले लेना फोटोग्राफी नहीं है। किसी पल को देखकर यह समझना कि “इसे बचा लेना चाहिए”—शायद फोटोग्राफी की शुरुआत वहाँ से होती है। किसी “फ़ोटोग्राफ़र” ने शायद हमारी ऐसी तस्वीर भी ली होगी जिसे हमने उस समय ज्यादा महत्व नहीं दिया होगा। लेकिन आज वही तस्वीर देखकर हम किसी पुराने इंसान को याद करते हैं, किसी पुराने घर को याद करते हैं या अपनी ही वह उम्र याद करते हैं जो वापस नहीं आने वाली। उस समय “फ़ोटोग्राफ़र” ने सिर्फ़ एक फोटो ली थी। आज उसने हमारे लिए एक पूरा समय बचा रखा है।

यही वजह है कि विश्व फोटोग्राफी दिवस सिर्फ़ कैमरे का दिन नहीं होना चाहिए। यह उन आँखों का दिन भी होना चाहिए जो दुनिया को थोड़ा अलग ढंग से देखती हैं। उन हाथों का दिन भी होना चाहिए जो दूसरों की खुशियों को कैमरे में संभालते हैं। उन लोगों का दिन भी होना चाहिए जो कई बार खुद किसी तस्वीर में नहीं होते, लेकिन हमारी सबसे खूबसूरत तस्वीरों के पीछे उनका नाम होता है। आज अपनी गैलरी में जाकर कुछ पुरानी तस्वीरें देखिए। हो सकता है उनमें से कोई तस्वीर आपको कई साल पीछे ले जाए। हो सकता है कोई दोस्त याद आए, कोई जगह याद आए, कोई ऐसा दिन याद आए जिसे आपने कभी सोचा भी नहीं था कि इतना याद करेंगे। उस तस्वीर को थोड़ी देर और देखिए। फिर एक बार यह भी सोचिए कि इसे लेने वाला कौन था। शायद उसका नाम तस्वीर में न हो, लेकिन उस तस्वीर की कहानी में उसका हिस्सा हमेशा रहेगा। क्योंकि सच तो यह है कि हम तस्वीरों को इसलिए नहीं संभालकर रखते कि वे हमें अच्छे दिखाती हैं। हम उन्हें इसलिए संभालकर रखते हैं क्योंकि वे हमें हमारा बीता हुआ समय वापस दिखाती हैं। और उस समय को हमारे लिए बचाने वाला इंसान सिर्फ़ “फ़ोटोग्राफ़र” नहीं है। वह हमारी यादों का एक छोटा-सा हिस्सा है, जिसे हम अक्सर पहचानना भूल जाते हैं।इस विश्व फोटोग्राफी दिवस पर शायद तस्वीरों को थोड़ा अलग नज़र से देखने की ज़रूरत है। तस्वीर में जो दिख रहा है, उसे तो हम हमेशा देखते आए हैं। आज एक बार उस चीज़ को देखने की कोशिश करें जो दिखाई नहीं देती—उस इंसान को, जो कैमरे के पीछे खड़ा था; उस इंतज़ार को, जो एक सही पल के लिए किया गया; उस नज़र को, जिसने बाकी सबके बीच उस एक पल को चुना; और उस मेहनत को, जिसकी वजह से आज हमारे पास अपने कल की कोई निशानी मौजूद है।

आख़िर में, तस्वीरें सिर्फ़ बीते हुए समय की निशानी नहीं होतीं। वे इस बात का सबूत होती हैं कि कभी कोई पल इतना मायने रखता था कि किसी ने उसे जाने नहीं दिया। किसी ने उसे देखा, महसूस किया और कैमरे में रख दिया। हम सालों बाद उस तस्वीर में अपने लोगों को ढूँढ़ते हैं, अपनी उम्र ढूँढ़ते हैं, अपनी हँसी ढूँढ़ते हैं और कभी-कभी अपनी पुरानी दुनिया भी। बस उस पूरी तस्वीर के बीच एक चीज़ अक्सर छूट जाती है—वह इंसान जिसने हमें यह सब दोबारा देखने का मौका दिया। शायद आज उसके लिए बस इतना कहना काफी है कि तस्वीर खूबसूरत थी, लेकिन उसे खूबसूरत समझने वाली नज़र भी कम खूबसूरत नहीं थी। और शायद फ़ोटोग्राफ़ी को समझने का सबसे अच्छा तरीका यही है कि अगली बार किसी तस्वीर को देखकर सिर्फ़ उसमें मौजूद लोगों को याद न करें, बल्कि एक पल के लिए उस इंसान को भी याद करें  जो वहाँ था, सबको देख रहा था, सबको फ्रेम में रख रहा था और चुपचाप अपनी जगह तस्वीर के बाहर छोड़ रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *